चंदौली। जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव सिंह ने शनिवार को नवीन मंडी स्थल पर विधानसभा चुनाव को लेकर की जा रही तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान के लिए तैयार की जा रही इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को परखा और अधिकारियों व कर्मचारियों को जरूरी निर्देश दिए।
डीएम ने पोलिंग पार्टियों को दिए जाने वाले बैग को भी देखा । निरीक्षण के दौरान ईवीएम, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, बैरिकेडिंग, लाइटिंग व सीसीटीवी की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंडी सचिव को परिसर की बेहतर साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। कहा कि शौचालय में सफाई व पानी की उपलब्धता निरंतर बनी रहे। नवीन मंडी में चारों विधानसभा क्षेत्रों का स्ट्रांग रूम बनाया गया है। यहीं मतों की गणना भी की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी नेस्ट्रांग रूम के सीसीटीवी कैमरों व सुरक्षा व्यवस्था सहित निर्वाचन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी ली। कहा कि सभी तैयारियों को समय से पूर्ण करा लिया जाए जिससे मतदान के समय कोई समस्या न हो। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा, रिटर्निंग ऑफिसर चकिया प्रेम प्रकाश मीणा, रिटर्निंग ऑफिसर सैयदराजा अविनाश कुमार, मंडी सचिव सहित निर्वाचन से जुड़े संबंधित अधिकारी मौजूद थे।