चंदौली। दीपावली और छठ पूजा के दौरान आपात स्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिले की चिकित्सा व्यवस्था को अलर्ट कर दिया है।
विज्ञापन
मेडिकल कॉलेज, जिला संयुक्त चिकित्सालय सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर 24 घंटे चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके लिए चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ का ड्यूटी रोस्टर तैयार किया गया है।
अस्पतालों में जरूरी दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और एंबुलेंस की उपलब्धता के निर्देश दिए गए हैं।
शासन की गाइडलाइन के अनुसार त्योहारों के दौरान सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर इमरजेंसी सेवाएं लगातार चालू रहेंगी। अस्पताल प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी निर्धारित समय पर ड्यूटी संभालें, ताकि मरीजों को उपचार के लिए इंतजार न करना पड़े।
पटाखों से झुलसने, आग से जलने और सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है। सीएमओ डॉ. पारितोष मिश्र के अनुसार, जिले के सभी अस्पतालों में बर्न वार्ड बनाए गए हैं।