चंदौली। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत जिले के 461 लाभार्थियों को दूसरी किश्त के रूप में चार करोड़ 61 लाख रुपये जारी किए गए हैं। प्रत्येक लाभार्थी के खाते में एक लाख रुपये भेजे जा रहे हैं। आवास निर्माण पूरा होने पर पात्र लाभार्थियों को तीसरी किश्त के रूप में 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने जिला प्रशासन को भेजे पत्र में बताया कि प्रदेश के 1,15,616 लाभार्थियों को दूसरी किश्त के रूप में कुल 1,156.16 करोड़ रुपये अवमुक्त किए गए हैं। चंदौली में योजना के तहत अब तक 836 लाभार्थियों को पहली किश्त के रूप में आठ करोड़ 36 लाख रुपये दिए जा चुके हैं। निर्धारित मानकों के अनुरूप आवास निर्माण कराने वाले 461 लाभार्थियों को दूसरी किश्त मिली है।
मंत्री ने लाभार्थियों से धनराशि का उपयोग आवास निर्माण में करने और काम जल्द पूरा कराने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना का लाभ लेने के लिए किसी अधिकारी, कर्मचारी या बिचौलिये को शुल्क अथवा कमीशन देने की जरूरत नहीं है। अवैध धनराशि मांगने की शिकायत मिलने पर जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। परियोजना अधिकारी डूडा ने भी लाभार्थियों से निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की अपील की है।