जिला अस्पताल के एमसीएच विंग में गंदगी देख नाराज होती उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष
संवाद न्यूज एजेंसीचंदौली। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने शनिवार को चंदौली का भ्रमण करते हुए जिला अस्पताल व मातृ-शिशु अस्पताल (एमसीएच विंग) का औचक निरीक्षण किया। कई स्थानों पर गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई । क्षण के दौरान उन्हें कई जगह अव्यवस्थाएं और साफ-सफाई में लापरवाही दिखाई दी। विशेषकर एमसीएच विंग में गंदगी देखकर वह नाराज हो गईं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए।
उपाध्यक्ष ने महिला वार्ड और इमरजेंसी कक्ष में जाकर मरीजों से सीधे बातचीत की और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं एवं उपचार व्यवस्था के बारे में फीडबैक लिया। कई मरीजों ने समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. वाई.के. राय, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार, एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। श्रीमती चौधरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से जुड़ी सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है, इसलिए अस्पतालों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।