आवासों को जेसीबी से गिराता कर्मचारी।
रेलवे के प्लांट डिपो कालोनी में बनी 20 झोपड़ियों को रेलवे प्रशासन ने सिविल प्रशासन की मदद से हटवाया। साथ ही आसपास में गुमटी लगाए दुकानदारों को भी उन्होंने 24 घंटे के अंदर गुमटियों को हटाने को कहा। इसके अतिरिक्त रेलवे प्रशासन ने जेसीबी मशीन से वहां कंडम घोषित किए गए 69 क्वार्टरों में से 30 क्वार्टरों को गिरवा दिया।
इस दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
रेलवे परिक्षेत्र के प्लांट डिपो कालोनी के कुल 69 क्वार्टर रेलवे प्रशासन ने करीब तीन वर्ष से कंडम घोषित कर दिया है और उसे रेल कर्मियों से खाली करा लिया है। लेकिन कुछ लोग उसमें कब्जा करके रह रहे थे। उसी के समीप गरीब तबके के लोगों ने झोपड़ियां बना ली थीं और वर्षों से रह रहे थे। कई बार रेलवे प्रशासन ने आरपीएफ की मदद से झोपड़ियों को वहां से हटाने और रेलवे के कंडम घोषित किए जा चुके
क्वार्टरों को ढहाने के लिए कई बार प्रयास किया लेेकिन कब्जाधारी कुछ लोग उन्हें वहां से हटने को विवश कर देते। अतंत: रेलवे प्रशासन ने सिविल प्रशासन से अतिक्रमण हटाने के लिए मदद मांगी। इसपर एसडीएम मुगलसराय सत्येंद्र सिंह और सीओ सदर प्रमोद कुमार यादव पुलिस बल के साथ रेलवे प्रशासन के डीईएन हेड क्वार्टर एसके राय, आरपीएफ और जेसीबी मशीन को लेकर प्लांट डिपो कालोनी पहुंचे और सर्व प्रथम अतिक्रमण को हटवाना शुरू किया। गरीब परिवार के लोग पहले तो विरोध में उतरे लेकिन पुलिस बल के आगे उनकी एक न चली। एसडीएम मुगलसराय सत्येंद्र सिंह ने बताया कि रेलवे प्रशासन ने कंडम क्वार्टरों को खाली कराकर ढहाने के लिए सिविल प्रशासन को पत्र लिखा था जिसपर कार्रवाई की गई।