ताराजीवनपुर। अलीनगर थाना अंतर्गत के कुछमन गांव के समीप शनिवार की देर शाम ट्रक की चपेट में आने से जख्मी बाइक सवार व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस घटना में जख्मी अन्य लोगों की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।
शनिवार की देर शाम अलीनगर थाना के कुछमन गांव के समीप तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने तीन बाइकों को टक्कर मार दी थी। इस घटना में बाइक सवार ताजपुर गांव निवासी पारस पासवान (40), पीडीडीयू नगर निवासी श्यामलाल (62) और ककरही खुर्द निवासी रम्मन (65) गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी को स्थानीय चिकित्सालय में भर्ती कराया था। यहां पारस की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल और जिला अस्पताल से चिकित्सकों ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान पारस की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पारस की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। इस संबध में अलीनगर थानाध्यक्ष सत्येन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि जख्मी युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।