इलिया। थाना क्षेत्र के लेहरा खास गांव में निवासी रामाज्ञा पांडेय (40) का शव बृहस्पतिवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में घर में ही कुंडी के सहारे गमछे से लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
इलिया थाना क्षेत्र के लेहरा खास गांव निवासी फौजदार पांडेय के दो बेटे थे। जिसमें बड़ा पुत्र अलख निरंजन व छोटा पुत्र रामाज्ञा पांडेय था। लोगों के अनुसार अलख निरंजन का पत्नी से करीब 10 साल पहले तलाक हो गया था। इसके बाद वह घर से कहीं चला गया था। कुछ दिनों बाद फौजदार अपने छोटे पुत्र रामाज्ञा पांडेय व उसकी पत्नी को छोड़कर चंदौली स्थित वृद्धा आश्रम चले गए। इसके बाद उसकी पत्नी भी रामाज्ञा को छोड़कर चली गई। लगभग आठ वर्षो से वह घर पर अकेले ही रहता था। वहीं कुछ दिनों से वह गांव के पड़ोसियों के यहां ही भोजन कर लेता था। बृहस्पतिवार की दोपहर जब वह पड़ोस में खाना खाने नहीं गया तो पड़ोसी उसे बुलाने के लिए घर पर पहुंचे तो कुंडी के सहारे गमछे के फंदे से उसका लटका हुआ शव देखकर उनके होश उड़ गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया। प्रभारी थानाध्यक्ष सुभाष यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।