गाजीपुर में 123 शव मिले
गाजीपुर जिले के करंडा थाना क्षेत्र के धरम्मपुर गंगा के किनारे 123 शव मिले थे। शवों की संख्या अधिक होने पर खुदाई के लिए मंगलवार दोपहर में पोकलेन बुलानी पड़ी थी। इस दौरान लोगों को उधर जाने से रोक दिया गया था। इसी तरह सेवराई तहसील के नरवा घाट, सोझवा घाट, पंचमुखी घाट और बुलाकिया दास मठिया घाट के शवों को सोमवार देर रात से लेकर सुबह आठ बजे तक दर्जनों कर्मचारियों, ग्रामीणों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से किनारे ही गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।
बलिया में 17 शव मिले
बलिया जिले के थाना नरही क्षेत्र अंतर्गत बलिया-बक्सर पुल के नीचे गंगा नदी के तट पर सोमवार की शाम को कुछ दिन पुराने क्षत-विक्षत अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। इसकी जांच उपजिलाधिकारी तथा क्षेत्राधिकारी सदर द्वारा की गई। जिलाधिकारी अदिति सिंह ने कहा कि सभी शवों का उचित तरीके से गंगा नदी के तट पर ही पुलिस एवं प्रशासन की उपस्थिति में अंतिम संस्कार करा दिया गया। उक्त शवों के आने के स्रोत की जांच की जा रही है। बताया जाता है कि गंगा किनारे कोटवा नारायणपुर से लेकर मांझी घाट तक कमावेश यही स्थिति है। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने भरौली व उजियार घाट पर कुल 17 शवों को दफनाया।