पीडीडीयू नगर। ईद उल फित्र सोमवार को मनाई जाएगी। चांद दिखने के बाद रविवार को तैयारियां तेज हो गईं। शाम को इफ्तार के बाद लोगों ने एक दूसरे को चांद दिखने की मुबारकबाद दी। इसके बाद लोगों ने बाजार में पहुंचकर खूब खरीदारी की।
बाजार में सेवइयों के साथ जालीदार टोपी खूब बिकी। बाजार पूरी रात गुलजार रहे। एक ओर जहां लोग कपड़े और जूते-चप्पल की दुकानों पर डटे रहे तो वहीं अन्य लजीज व्यंजनों की भी लोगों ने खूब खरीदारी की। रविवार की शाम चांद दिखने के साथ ही एक माह के रोजे मुकम्मल हो गए। सोमवार की सुबह ईदगाह और मस्जिदों में नमाज अदा कर लोग ईद का जश्न मनाएंगे। वैसे तो अलविदा की नमाज के साथ ही ईद मिलन की तैयारियां शुरू हो गई थीं। रविवार को बाजार पूरी तरह गुलजार रहे। नगर के जीटी रोड स्थित जामा मस्जिद, अलीनगर मस्जिद, इस्लामपुर, कसाब महाल सहित अन्य स्थानों पर मस्जिदों के आसपास बाजार में सेवईं, जालीदार टोपी, नए कपड़े, जूते, चप्पल आदि की दुकानें सजी रहीं। यहां खरीदारों की भीड़ रही। शाहकुटी ईदगाह की साफ सफाई की गई। वहीं इसके आसपास लगने वाले मेले में चरखी के साथ ही अन्य अस्थायी दुकानें भी सज गईं।