पीडीडीयू नगर। लोक आस्था के महापर्व छठ के मद्देनजर शनिवार को सड़कों पर भीड़ उमड़ पड़ी। बाजारों में खरीदारी करने तो जलाशयों के तट पर जाने वाले श्रद्धालुओं के रेले से यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई। शहर के हर इलाके में सड़कें दिन भर जाम रहीं और वाहन रेंगते नजर आए। भारी वाहनों को नगर में प्रवेश पर प्रतिबंध लागू होने के बाद भी सुबह से शाम तक सड़कें जाम से जकड़ी रहीं।
त्योहार आते ही नगर की यातायात व्यवस्थ बेपटरी हो जाती है। भीड़ उमड़ने पर यातायात विभाग और पुलिस की सारी योजनाएं ध्वस्त हो जाती हैं। शनिवार को कस्बे में दिन भर जाम लगा रहा। हालांकि यातायात पुलिस कर्मी समेत पिकेट पर तैनात सिपाही मशक्कत करते रहे लेकिन बाजार में भीड़ के कारण सारी व्यवस्थाएं ध्वस्त हो गईं। नई सट्टी से लेकर रेलवे स्टेशन तक भारी जाम लगा रहा है। सूर्य अर्घ्य देने के लिए पोखरों और तालाबों तक जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट प्लान तैयार किया है। इसके लिए कई मार्गों पर वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया है।
पीडीडीयू नगर। छठ पूजनोत्सव को देखते हुए यातायात विभाग ने रविवार की दोपहर 12 बजे से अग्रिम आदेश तक कोयला मंडी में ट्रकों का संचालन व आसपास खड़े करने पर रोक लगा दी है। सोमवार को यह व्यवस्था त्योहार समाप्त होने तक लागू रहेगी।
दामोदरदास पोखरे से सौ मीटर पूरब और पश्चिम का इलाका नो वेहिकल जोन रहेगा। इस दायरे में किसी प्रकार के वाहन न तो आएंगे और न खड़े होंगे। इसके अलावा चकिया तिराहे से रोडवेज बस स्टैंड तक नो वेहिकल जोन रहेगा। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से नो वेहिकल जोन में पैदल ही आने की अपील की है।
आलमपुर तिराहा- चंदौली से वाराणसी जाने वाले वाहन आलमपुर अंडरपास से हाईवे से कटरिया-रामनगर होते हुए भेजे जायेंगे।
अलीनगर-सकलडीहा तिराहा- सकलडीहा से पीडीडीयू नगर होते हुए वाराणसी जाने वाले वाहनों को अलीनगर-सकलडीहा तिराहे से डायवर्ट कर आलमपुर अंडरपास से हाईवे होते हुए कटरिया से रामनगर के रास्ते भेजा जायेगा।
चकिया तिराहा- चंदौली वाराणसी जाने वाले वाहनों को डायवर्ट कर गोधना चौराहा होते हुए हाईवे से रामनगर के रास्ते भेजा जायेगा।
पड़ाव चौराहा- पड़ाव चौराहे से चंदौली की ओर जाने वाले वाहनों को रामनगर कटरिया होते हुए निकाला जाएगा।
दामोदर दास पोखरा - दामोदर पोखरे की तरफ सभी तरह के वाहनों के जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
गोधना तिराहा- गोधना तिराहे से चकिया तिराहे की तरफ वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा।
भूपौली स्टैंड- चहनिया-भूपौली से आने वाले समस्त वाहनों का कस्बे में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
दुल्हन पैलेस- पीडीडीयू नगर से आने वाले वाहनों को दामोदरदास पोखरे की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।
आईपी माल- वाराणसी से पीडीडीयू नगर जाने वाले वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।