मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत पुरानी डांडी में सोमवार की रात चोरों ने घर में सोयी वृद्ध महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर घर में रखे दो बक्से चुरा ले गए। बक्से में बीस कीमती साड़ियों के साथ सोने-चांदी के गहने थे। सुबह चोरी का पता चला तो पीड़ित ने पुलिस को सूचित किया। जलीलपुर चौकी इंचार्ज ने मौका मुआयना किया।
गांव निवासी अनिल तिवारी का पक्का मकान है। सोमवार की रात वह पूरे परिवार के साथ सो रहे थे, जबकि उसकी मां दूसरे कमरे में सोयी हुई थीं। रात में किसी वक्त चोरों ने पीछे के लोहे के गेट को तोड़ दिया और अंदर घुस गए। नशीला पाउडर सुंघाकर अनिल की मां को बेसुध कर दिया। इसके बाद चोर स्टील के दो बक्से लेकर चलते बने। चोरों ने अन्य कमरों को भी खोलने का प्रयास किया लेकिन अंदर से दरवाजा बंद होने से कामयाब नहीं हो सके। सुबह चोरी का पता चला। अनिल तिवारी के मुताबिक बक्से में बीस बनारसी साड़ियां, सोने की सिकड़ी, नाक की नथिया, चांदी की पायल आदि गहने थे। अनिल ने इसकी सूचना जलीलपुर चौकी पुलिस को दी। सूचना पाकर चौकी प्रभारी राणा प्रताप मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।