मंगलवार की अपराह्न करीब दो बजे दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान
दोनों तरफ से लाठी-डंडे और ईंट -पत्थर का खुलकर प्रयोग किया गया। जिससे एक
पक्ष के आधा दर्जन लोग घायल हो गए जिसमें महिलाएं भी शामिल हैं। मौके पर
पहुंची पुलिस सभी घायलों का मेडिकल कराने के बाद दी गई तहरीर के आधार पर दो
नामजद समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अगली कार्रवाई में जुट गई।
हरिशंकरपुर
गांव में (पावर हाउस के पास) वाराणसी निवासी ठाकुर प्रसाद की जमीन है
जिसकी देखरेख करने के लिए वे मलिन बस्ती के लोगों को जिम्मेदारी दे रखा था।
गांव निवासी ओमप्रकाश गुप्ता उसी जमीन पर जबरन निर्माण कार्य कराने लगा।
इसकी जानकारी मिलते ही भूमि स्वामी ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी जो मौके
पर जाकर कार्य को रोकवा दिया। साथ ही हिदायत दी कि जब तक कोई फैसला नहीं हो
जाता उस पर कोई कार्य नहीं करना है। पुलिस के जाते ही ओमप्रकाश गुप्ता
पुन: निर्माण कार्य शुरू करा दिया। जमीन की देखरेख करने वाले मलिन बस्ती के
लोगों ने जब विरोध किया तो उन्हें लाठी-डंडे से मारकर घायल कर दिया गया।
घायल होने वाले में सुनील (35), रमेश (65), छोटू (15), सरजू (14), सुनीता
(25) एवं संजू (30) शामिल हैं। घटना के बाद कोतवाली पहुंचे भूमि स्वामी ने
घायलों की तरफ मुकदमा दर्ज कराया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी एके सिंह
ने बताया कि उपरोक्त मामले में पीड़ित की तहरीर पर दो नामजद समेत कई अज्ञात
लोगों पर संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।