सेवानिवृत्त दरोगा से गत पांच नवंबर को मुख्यालय स्थित कचहरी के समीप हुई
तीन लाख रुपये की लूट में पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार किया है।
पुलिस
और क्राइम ब्रांच की टीम ने सोमवार को कार्रवाई कर अपराह्न नगर स्थित
पंजाब नेशनल बैंक के पास से बदमाश अमजद के पास से तमंचा, चेकबुक,
मोबाइल और दस हजार रुपये नकद बरामद किया।
इस लूट में शामिल दो अन्य
लुटेरों की पुलिस तलाश कर रही है। यह जानकारी मंगलवार को पुलिस अधीक्षक
अमित वर्मा ने कोतवाली में दी।
सेवानिवृत्त दरोगा लालवचन यादव पांच
नवंबर को भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा से तीन लाख रुपये निकालकर घर जा
रहे थे। कचहरी के समीप से बाइक सवार तीन लुटेरे उनका तीन लाख रुपयों से
भरा बैग छीनकर भाग निकले थे।
चंदौली कोतवाली में मुकदमा दर्ज होने के बाद
पुलिस टीम को घटना का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए गए थे।
सोमवार को
पुलिस को सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल बदमाश पंजाब नेशनल बैंक
के पास मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस ने बैंक से पास घूम रहे एक बदमाश को
पकड़ लिया।
जबकि दो अन्य पुलिस के आने की भनक मिलते ही भाग निकले।
पकड़ा गया बदमाश अमजद परानापुर थाना चौबेपुर का निवासी है। पूछताछ में उसने
यह भी बताया कि लूट की घटना में उसके दो अन्य साथी विनोद और रामजनम भी
शामिल थे।
एसपी ने घटना का खुलासा करने वाली टीम में शामिल साजिद
सिद्दीकी, पुनीत परिहार, अरुण यादव सहित पूरी टीम को नकद पुरस्कार देने
की घोषणा की।
एसपी ने यह भी बताया कि मुगलसराय-चकिया मार्ग पर सोमवार
को पेट्रोल पंप कर्मियों संग हुई पांच लाख रुपये लूट की घटना का खुलासा
करने के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।