वन परिसर गेट के सामने अतिक्रमण कर रहे युवक को फटकारना वन रेंजर कर भारी पड़ गया। अतिक्रमणकारी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उनसे गालीगलौज करने के साथ ही जान से मारने की धमकी दे डाली। पुलिस ने इस मामले में एक नामजद समेत आठ-दस अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में रामनगर वन प्रभाग कोसी रेंज के रेंजर आनंद सिंह रावत ने बताया सोमवार की रात 7:30 बजे मुखबिर की सूचना पर वह टीम के साथ वन परिसर के पास हुए अतिक्रमण की जांच करने गये थे। जहां अतिक्रमणकारी ने रेता, बजरी का ढेर लगाया था।
वजह पूछने पर अतिक्रमणकारी शराफत व उसके आठ दस अन्य साथियों ने उन्हें डराने धमकाने के साथ ही गालीगलौज, जान से मारने की धमकी दे डाली। घटना की सूचना के बाद जब तक एसआई कमलेश भट्ट मौके पर पहुंचे जब तक अतिक्रमणकारी व उसके अन्य साथी फरार हो गये।
एसएसआई मोहन चंद्र पांडे ने बताया रेंजर आनंद सिंह रावत की तहरीर के बाद शराफत व उसके आठ दस अन्य दोस्तों के खिलाफ सरकारी कार्य में बांधा डालने, गालीगलौज करने, जान से मारने की धमकी देने के आरोप में आईपीसी की धारा 186, 504, 506 में मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
रेंजर आनंद सिंह रावत के साथ अतिक्रमणकारी द्वारा की गयी अभद्रता से वन कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने संघ परिसर में बैठक कर इसका विरोध करते हुए कार्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कर्मचारियों ने कहा मुख्य गेट पर असामाजिक लोग कर्मचारी, अधिकारियों की आती जाती महिलाओं पर छींटाकशी करते हैं।
इन पर रोक लगाने के लिये दो प्रभागों के आठ चौकीदार तैनात किये जाए, रेंजर को धमकी देने वाली जिप्सी चालक की जिप्सी संख्या 04टीए 6482 को पार्क क्षेत्र में प्रतिबंधित करने, रानीखेत रोड की दोनों ओर हुए अतिक्रमण को अतिशीघ्र तोड़ने, कार्बेट पार्क का स्वागत कक्ष का मुख्य गेट रानीखेत रोड मार्ग की तरफ करने की मांग की।
विरोध करने वालों में रेंजर देवेंद्र सिंह रजवार, राजेंद्र सिंह चकरायत, लक्ष्मण सिंह बिष्ट, पंकज शर्मा, बृजमोहन सिंह रावत, आनंद सिंह रावत, हरिराम, वीरेंद्र पांडे, रामसिंह रावत, खष्टी बल्लभ सनवाल, जीवन सिंह, भुवन सती, बालम मेहता, मदन मेहरा, राम सिंह बोरा, मोहन पांडे आदि मौजूद रहे।