नई दिल्ली से भुवनेश्वर जा रही राजधानी एक्सप्रेस में शनिवार की देर रात
किशोरी से हुई छेड़खानी के आरोप में जीआरपी ने एक सैन्यकर्मी को ट्रेन के
मुगलसराय पहुंचने पर हिरासत में लिया।
जहां पूछताछ के बाद उसे
गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जीआरपी इंस्पेक्टर त्रिपुरारी पांडेय ने बताया
कि किशोरी के पिता के तहरीर पर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी डब्लू
नीलांचल गौड़ा मिलिट्री पुलिस दिल्ली में तैनात है।
राजधानी एक्सप्रेस
के बी-10 कोच में 25 नंबर बर्थ पर ओडिसा के सदरगंजम निवासी लांस नायक डब्लू
नीलांचल गौड़ा नई दिल्ली से भुवनेश्वर जाने के लिए शनिवार की शाम सवार
हुआ।
कानपुर से ट्रेन चलने के बाद नीलांचल गौड़ा बगल के बर्थ पर पिता के
साथ नई दिल्ली से भुवनेश्वर जा रही किशोरी (15) से छेड़खानी करने लगा। जब
पिता की नजर उस पर पड़ी, तो उसने सैन्य कर्मी को डांटा।
पर रात करीब बारह
बजे के लगभग ट्रेन के इलाहाबाद से आगे बढ़ने पर सैन्यकर्मी ने फिर किशोरी
से छेड़खानी शुरू की, तो किशोरी ने पिता को जानकारी दी। इस पर पिता ने
कंट्रोल को मोबाइल से सूचना दी।
जिस पर जीआरपी ने ट्रेन के शनिवार की देर
रात एक बजकर पंद्रह मिनट पर मुगलसराय रेलवे स्टेशन पहुंचने पर किशोरी के
पिता से तहरीर ली और सैन्यकर्मी को सुसंगत धाराओं में चालान कर कोर्ट में
पेश किया। जहां से कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया।