इलिया। स्थानीय कस्बा के मुख्य गली में टूट कर गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से रविवार की भोर में कस्बा निवासी एक वृद्ध की मौत हो गई। आनन-फानन में लाइन काट कर बुजुर्ग को तार से अलग किया गया। लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम केे लिए भेजा दिया। इस घटना से बिजली विभाग के खिलाफ लोगों में आक्रोश है।
कस्बा निवासी गजाधर गुप्ता (58) का गांव में दो जगह मकान है। शनिवार की रात खाना खाने के बाद वह अपने पुराने घर पर सोए हुए थे। भोर में चार बजे के लगभग जागने के बाद वह नए मकान पर जा रहे थे। इसी बीच गली में रात के वक्त किसी समय टूट कर गिरे 440 बोल्ट स्वचालित एलटी लाइन की चपेट में आ गए। उजाला होने पर रास्ते से गुजरे गांव के लोगों ने टूटकर गिरे तार में लिपटे गजाधर गुप्ता की मौत की खबर परिजनों को दिया, तो कोहराम मच गया। आनन-फानन में लोग बिजली विभाग को फोन कर आपूर्ति बंद कराई। उसके बाद तार से उसे अलग कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। गजाधर खेतीबाड़ी कर परिवार का जीविकोपार्जन करते थे। इनके तीन पुत्र बबलू, महेंद्र एवं लल्लू मुंबई एवं गुजरात में किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। अचानक हुए पिता की मौत के बाद पत्नी विद्या देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। वही पूरे परिवार में मातम छाया हुआ है।