चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मजिदहा पुल पर स्थित आभूषण की तीन दुकानों में सेंध लगाकर चोरों ने शुक्रवार की रात लाखों रुपये मूल्य के आभूषण चुरा लिए। सुबह चोरी का पता चला तो बाजार में खलबली मच गई। दुकानदारों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं चोरी की बड़ी घटना से इलाके में दहशत है।
मजिदहां पुल पर दिनेश सेठ, काशी सेठ और सोनू सेठ की सोने चांदी के गहनों की दुकान है। शुक्रवार की रात तीनों दुकान बंद कर सैदपुर स्थित अपने घर चले गए। ठंड की वजह से बाजार में सन्नाटा था और चोरों ने इसका फायदा उठाया। आधी रात के बाद चोरों ने सबसे पहले दिनेश सेठ की दुकान में पीछे से नकब लगाकर अंदर घुस गए। चोरों ने यहां से दो किलोग्राम चांदी का पायल, दस ग्राम के सोने के आभूषण आदि चुरा लिए। इसके बाद चोर काशी सेठ की दुकान पर पहुंचे। शटर चांड कर दुकान में घुसे चोरों ने आलमारी तोड़ कर उसमें रखे 25 ग्राम के सोने के आभूषण, तीन किलोग्राम के चांदी के पायल सहित अन्य सामान चुरा लिए। चोरों ने इसके बाद सोनू सेठ की दुकान का शटर चाड़कर अंदर घुसे और आलमारी तोड़ कर तीस ग्राम सोने के आभूषण, चार किलोग्राम चांदी के आभूषण, नकदी आदि चुरा लिए। सुबह बाजार की तरफ निकले अन्य दुकानदारों ने दुकान का ताला टूटा देख तो शोर मचाया। सूचना पाकर दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए और सामान का मिलान किया। दुकानदारों ने इसकी सूचना सौ नंबर पर दी। सूचना पाकर सौ नंबर पुलिस के साथ बलुआ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मौका मुआयना के बाद जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया।