मुगलसराय। राजकीय रेलवे पुलिस ने शुक्रवार की रात स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या चार के पश्चिमी छोर पर शौचालय के समीप से दो व्यक्तियों को सात महंगे मोबाइल सेट और नकदी के साथ गिरफ्तार किया। जीआरपी के अनुसार बरामद माल की कीमत एक लाख 43 हजार रुपये है। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों का चालान कर दिया गया।
पुलिस अपर महानिदेशक रेलवे बीके मौर्य के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से 25 दिसंबर से रेलवे स्टेशन पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार की रात 11 बजे जीआरपी कर्मी स्टेशन पर जांच कर रहे थे। इसी बीच प्लेटफार्म संख्या चार के पश्चिमी छोर पर शौचालय के समीप दो युवक संदिग्ध स्थिति में दिखे। दोनों को पकड़ कर तलाशी ली गई तो महंगे सात मोबाइल बरामद हुआ। थाना लाकर पूछताछ की गई तो दोनों ने अपना नाम क्रमश: छांगुर और टार्जन निवासी सबलपुर थाना जमानिया गाजीपुर बताया। जीआरपी मुगलसराय प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि दोनों के पास से एक लाख 40 हजार रुपये मूल्य के सात मोबाइल सेट और 34 सौ रुपये नकद बरामद हुए हैं। दोनों लंबे समय से यात्रियों का सामान चुरा रहे थे। गिरफ्तारी टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश कुमार, राजेश सरोज, आरक्षी राकेश कुमार सिंह,बाजा यादव आदि रहे।