मुगलसराय । उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद मुगलसराय कोतवाल एसपी सिंह ने गुरुवार को डीजे संचालकों संग कोतवाली परिसर में बैठक की। इस दौरान उन्होंने संचालकों को रात दस बजे से सुबह छह बजे लाउडस्पीकर व डीजे नही बजाने की सख्त हिदायद दी। कहा कि नियम का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कोतवाल ने कहा कि क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा समारोहों, आयोजनों, जागरण, सामुदायिक केंद्रों, सार्वजनिक स्थलों, शादी स्थलों इत्यादि में रात 10 बजे के बाद और सुबह छह बजे से पहले डीजे और लाउडस्पीकर का इस्तेमाल करने की सूचना मिल रही है। उन्होंने कहा कि लाउडस्पीकर अथवा डीजे के इस्तेमाल पर प्रतिबंध है और यदि कोई व्यक्ति इस्तेमाल करता है तो वह पूरी तरह से गैर कानूनी है। लाउडस्पीकर और डीजे के शोर के कारण जहां आम जनता को परेशानी होती है, वहीं विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी करवाने में भी दिक्कत होती है। कोतवाल ने निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी। इसके बाद भी निर्देशों की अवहेलना करने पर पुलिस कार्रवाई करेगी। इस दौरान अमित, नवीन, गुड्डू, संपूर्णानंद, मनीष, अलाऊ, सागर, अनिल, राजेश, आदि उपस्थित थे।