दुलहीपुर। कोतवाली क्षेत्र के महाबलपुर स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के सामने खड़े तीन ट्रकों का शीशा तोडकर गुरुवार की रात एक चोर ने मोबाइल, नकदी सहित कपड़े चुरा लिए। चोर की सारी हरकत वहां लगे सीसी कैमरे में कैद हो गई। ट्रांसपोर्ट के मालिक ने सीसी टीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिए हैं। साथ ही ट्रक के चालकों ने चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
महाबलपुर स्थित वारिस ट्रेडर्स के सामने ट्रक के चालक ट्रकों को खड़ा कर उसी में सो जाते हैं। गुरुवार की रात लगभग 10 ट्रक उस स्थान पर खड़े थे। सीसी टीवी फुटेज में दिख रहा है कि रात के दो बजकर 37 मिनट पर एक चोर ट्रकों के पास आता है। अपने हाथ में लिए किसी हथियार से उसने बारी-बारी तीन ट्रकों के शीशे तोड़कर उनमें रखे कपड़ों के बैग, तीन मोबाइल व नकद 10 हजार रुपये चुरा लिए। घटना के बाद कोल व ट्रांसपोर्ट व्यवसाइयों में पुलिस के प्रति रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि कोल मंडी के दोनों सिरों पर पुलिस चौकी होने के बावजूद चोर घटनाओं को अंजाम देकर निकल जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले भी 10 सितंबर 2017 को हुई चोरी का सीसी टीवी फुटेज व चोरों का नाम तक पुलिस को उपलब्ध कराए गए लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने दुलहीपुर चौकी इंचार्ज पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए एसपी से उनका तबादला किए जाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि ऐसा न किए जाने पर व्यापारी धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।