इलिया। थाना क्षेत्र के तियरी गांव में गुरुवार की सुबह धान की रोपाई करने से इंकार करने पर कुछ लोगों ने एक मजदूर की जमकर पिटाई कर दी। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायलावस्था में परिजनों ने उसका इलाज शहाबगंज स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया। मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने गांव के दो लोगों के विरुद्ध एससी-एसटी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव निवासी मजदूर लल्लन पासवान (55) को गांव के ही उदय सिंह व गोपाल सिंह ने बुलाकर अपने खेत में धान की रोपाई करने के लिए कहा। वह इसके लिए तैयार नहीं हुआ। यह बात उदय व गोपाल को इतनी नागवार गुजरी आरोप है कि इसी से नाराज होकर उसने मजदूर को गाली गलौज देते हुए पिटाई कर दी। इससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। सीओ कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर गांव के लोग दो लोगों के विरुद्ध एससी-एसटी व अन्य धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।