इलिया। थाना क्षेत्र की कटवांमाफी गांव में दुर्गा पूजा समिति की ओर से बुधवार की रात सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान सिरसिया और लेहरा खास गांव के युवाओं के बीच मारपीट हो गई। मारपीट में दोनों पक्ष से लगभग आधा दर्जन युवक घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराने के बाद आयोजक समिति को चेताया कि बिना अनुमति सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दुर्गा पूजा के दौरान समिति के लोगों ने प्रशासन की अनुमति लिए बगैर दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया था। कार्यक्रम शुरू होने के बाद नर्तकी जैसे ही मंच पर आई और डांस शुरू किया। इस बीच फरमाइशी गाने को लेकर सिरसिया और लेहरा गांव के युवक आपस में भिड़ गए। उनमें बहसबाजी के बाद मारपीट होने लगी। इसी बीच किसी ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी। पुलिस के आने की खबर मिलते ही मारपीट करने वाले युवक मौके से भाग निकले। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी नागेंद्र प्रताप सिंह ने पूजा का आयोजन करने वाले समिति के पदाधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी कि बिना अनुमति ऐसे कार्यक्रम कराए गए तो कार्रवाई की जाएगी।