मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र पराहुपुर में सोमवार को दिन में करीब ग्यारह बजे घर में चार की संख्या में घुसे बदमाशों ने महिला पर डंडे व राड से प्रहार कर घायल कर दिया। पीड़िता के अनुसार इस दौरान बदमाश घर के एक बंद कमरे के दरवाजे का ताला तोड़ने का प्रयास करने लगे लेकिन विरोध के चलते कामयाब नहीं हो सके लेकिन उसकी सोने की चेन, अंगूठी और कड़ा लूटकर फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित परिवार ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस पीड़ित से मिली तहरीर के आधार पर मामले की जांच में जुटी गई। पीड़िता ने जेवरात की कीमत लगभग एक लाख दस हजार रुपये बताई है। हालांकि पुलिस इसे आपसी विवाद मानकर जांच कर रही है।
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के पराहुपुर निवासी डा. राजू पेशे फिजियोथेरेपेस्टि है। सोमवार की सुबह लगभग दस बजे वह अपने क्लीनिक चले गए। उनकी पत्नी किरन भारती घर में अकेली थी। किरन के अनुसार दिन में लगभग ग्यारह बजे तीन से चार की संख्या में युवक घर में किसी प्रकार घुस आए। जब उसने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसके गले पर प्रहार कर घायल कर दिया। इसके बाद बंद कमरे की चाबी देने के लिए धमकाने लगे। पीड़िता के अनुसार जब उन्होंने चाबी देने से मना किया तो राड से मारकर ताला तोड़ने का प्रयास करने लगे लेकिन वह उनसे भिड़ गई। जिसपर बदमाशों ने उसे पैर, हाथ व पीठ पर राड से प्रहार कर दिया। बताया कि हाथ में पहने सोने के कड़े, सोने की चेन व एक अंगूठी उससे लूटकर फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची छानबीन कर मामले में तहरीर लेकर लौट आई। सीओ सदर प्रदीप सिंह चंदेल के अनुसार पीड़िता ने अपनी तहरीर में पड़ोस के एक युवक को नामजद किया है। तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह आपसी विवाद नजर आ रहा है।