पड़ाव। मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत जलीलपुर चौकी के मढ़िया गांव में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर राशन की लाइन में लगने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। बात बढ़ी तो दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी डंडे और ईट पत्थर चलाने लगे। मारपीट में एक पक्ष के चार लोग जख्मी हो गए। सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
मढ़िया गांव में सुदामा प्रसाद की सस्ते गल्ले की दुकान है। मंगलवार की सुबह दुकान खुलते ही राशन लेने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। भीड़ देख कोटेदार सुदामा प्रसाद ने ग्रामीणों की लाइन लगवाकर राशन वितरण करना शुरू कर दिया। इसी बीच कुछ मनबढ़ युवक पहुंचे और बिना लाइन लगाए राशन लेने का प्रयास करने लगे। पहले से लाइन में लगे लोगों ने इसका विरोध किया तो मनबढ़ों को यह नागवार गुजरा और कहासुनी हो गई। इस बीच मनबढ़ों के पक्ष से और लोग लाठी डंडा लेकर आ गए और मारपीट शुरू शुरू कर दी। बचाव के लिए दूसरे पक्ष ने भी ईंट पत्थर चलाने शुरू कर दिए। इससे मौक पर अफरा तफरी मच गई। लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची लेकिन तब तक हमलावर पक्ष के लोग भाग गए। मारपीट में एक पक्ष के अब्बास अली (25), सादिक अली (23), नौशाद (18) और फैजान (14) को चोट आई। पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं दोनों पक्षों से चार लोगों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी है। इस घटना से गांव में तनाव की स्थिति है। इस संबंध में सीओ सदर त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने दोनों पक्षों से चार लोगों को हिरासत में लेकर जांच पड़ताल कर रही है।