। खरीद एजेंसी के प्रभारी द्वारा धान खरीद में हुई धांधली में केंद्र प्रभारी को बचाने के लिए चौकीदार को ही केंद्र प्रभारी बता मुकदमा दर्ज करा दिया। मामला सैयदराजा थाना क्षेत्र के एनसीएसीएफ के मनराजपुर केंद्र का है। बुधवार को भुग्तभोगी मुराहू राम ने एसपी कार्यालय में पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए क्राइम ब्रांच विवेचना सेल प्रभारी रामजी सिंह को जिम्मेदारी सौंपा है।
बरहनी विकास खंड के मनराजपुर गांव में एनसीसीएफ द्वारा खोले गए क्रय केंद्र पर धान खरीद में गड़बड़ी का मामला सामने आया था। ग्रामीणों की ओर से जनसुनवाई पोर्टल पर इसकी शिकायत की गई थी। शासन स्तर से जिलाधिकारी को पूरे प्रकरण की जांच कराने का निर्देश प्राप्त हुआ था। इस पर डीएम ने सदर एसडीएम की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था। समिति में बरहनी बीडीओ व क्षेत्रीय खाद्य विपणन निरीक्षक को भी शामिल किया गया था। जांच के दौरान क्रय केंद्र प्रभारी द्वारा धान खरीद में व्यापक स्तर पर धांधली का मामला उजागर हुआ। केंद्र प्रभारी संतोष गुप्ता की ओर से रजिस्टर पर फर्जी ढंग से किसानों के नाम दर्ज किए गए थे। ऐसे किसानों का नाम दर्ज किया गया था, जिनके पास भूमि नहीं थी। इस पर जांच समिति ने एनसीसीएफ के जिला प्रभारी सत्येंद्र सिंह को केंद्र प्रभारी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया था। लेकिन क्रय केंद्र के चौकीदार मुराहू राम को केंद्र प्रभारी बनाकर धान खरीद में धांधली के आरोप में उसके खिलाफ सैयदराजा थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया गया। पीड़ित की ओर से संबंधित अधिकारियों के यहां फरियाद की गई। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अंत में थक हारकर उसने एसपी से मिलकर पूरे प्रकरण से अवगत कराया। साथ ही न्याय दिलाने की गुहार लगाई। इस पर पुलिस अधीक्षक ने क्राइम ब्रांच विवेचना सेल प्रभारी के रामजी सिंह के नेतृत्व में दो सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। वहीं पूरे प्रकरण की जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। एसपी संतोष सिंह ने बताया कि जनपद में चकिया, कंदवा के साथ ही यह तीसरा मामला है। तीनों मामलों की जांच क्राइम ब्रांच से कराई जाएगी। वहीं दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।