नियामताबाद। ऑटो का नंबर ट्रक में लगाकर माल ढोया जा रहा है। एआरटीओ प्रवर्तन विजय प्रकाश सिंह ने रविवार को औद्योगिक नगर पुलिस चौकी पर एक ट्रक स्वामी के विरुद्ध तहरीर दी। परिवहन विभाग के अधिकारी मामले की जांच में जुट गए हैं।
एआरटीओ विजय प्रकाश सिंह रविवार की सुबह अलीनगर थाना क्षेत्र के बसंतू की मड़ई के समीप हाइवे पर ओवरलोड वाहनों की जांच कर रहे थे। इसमें कुल 12 ओवरलोड वाहनों को सीज कर तीन लाख रुपये जुर्माना लगाया गया। साथ ही नौ वाहनों को औद्योगिक नगर व तीन वाहनों को अलीनगर पुलिस को सौंपा गया। इसमें एक ओवरलोड वाहन संख्या यूपी 65 एफटी 7728 की जब जांच की गई तो वह नंबर राजेश कुमार नामक व्यक्ति के ऑटो का निकला। जबकि ट्रक का वास्तविक नम्बर यूपी 65 एफटी 8645 है जो चंद्रशेखर सिंह के नाम पर पंजीकृत है। एआरटीओ विजय प्रकाश सिंह ने बताया कि इस मामले में विधिक राय लेकर औद्योगिक नगर पुलिस चौकी पर तहरीर दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।