मुगलसराय (ब्यूरो)। एसपी रेलवे पीके मिश्र ने शनिवार को राजकीय रेलवे पुलिस थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अपराध रजिस्टर, मालखाना, अपराधी कक्ष आदि को देखा। उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए निरीक्षक को निर्देशित किया। इस दौरान सर्कुलेटिंग एरिया में पुलिस बूथ खोलने, विक्रमशीला एक्सप्रेस में स्कोर्ट दिल्ली तक भेजने का आश्वासन दिया।
दोपहर में एक बजे एसपी रेलवे पीके मिश्र मुगलसराय रेलवे स्टेशन स्थित प्लेटफार्म संख्या दो पर स्थित जीआरपी थाने पहुंचे। एसपी के आने की सूचना मिलते ही जीआरपी में पूरी तैयारी हो गई। निरीक्षक सहित सभी बावर्दी नजर आए। यहां एसपी ने अपराध रजिस्टर, ट्रेन स्कोर्ट रजिस्टर, विवेचना रजिस्टर आदि को देखा। उन्होंने कंप्यूटर खोल कर दर्ज होने वाले अपराधों की स्थिति को देखी। इस दौरान उन्होंने कहा कि ट्रेनों में अपराध रोकने के प्रति जीआरपी पूरी तरह सजग है। बताया कि रेलवे सर्कुलेटिंग एरिया में आए दिन होने वाले विवाद, मारपीट, अवांछनीय तत्वों को घूमने से निपटने के लिए पुलिस चौकी का निर्माण कराया जाएगा। कहा कि जर्जर जीआरपी थाना भवन के मरम्मत के लिए भी रेल अधिकारियों से वार्ता हुई है। कहा कि अब विक्रमशिला एक्सप्रेस ट्रेन में मुगलसराय से दिल्ली तक जीआरपी स्कोर्ट करेगी। वर्तमान में यह कानपुर तक गश्त करती थी। इस दौरान जीआरपी मुगलसराय प्रभारी आरके सिंह, एसआई यूएस यादव सहित अन्य रहे।