अलीनगर थाना क्षेत्र के गौरी गांव मेें मंगलवार को अपने खेत को समतल करा रहे किसान के खिलाफ तहसील प्रशासन ने अवैध खनन के तहत कार्यवाही किया। मौके पर पहुंचे एसडीएम दीप्तिदेव, तहसीलदार हीरालाल ने किसान राकेश पांडेय के खिलाफ कार्यवाही करने के लिए जिला खनन अधिकारी को निर्देश दिया। जिला खनन अधिकारी ने मौके से सात ट्रैक्टरों को सीज कर दिया तथा किसान के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की बात कही। इसकी जानकारी होने पर भारतीय किसान संघ ने तहसील प्रशासन के रवैए को किसान विरोधी बताया और आंदोलन की चेतावनी दी।
क्षेत्र के गौरी गांव निवासी राकेश पांडेय मंगलवार को अपने खेत को समतल कराने के लिए मजदूरों से खेत की मिट्टी निकलवा रहे थे। वहीं इसकी जानकारी होने पर उपजिलाधिकारी दीप्तिदेव और तहसीलदार हीरालाल मौके पर पहुंच गए और अवैध खनन का मामला बताकर जिला खनन अधिकारी विकास सिंह को कार्यवाही करने का निर्देश दिया। मौके पर पहुंचे जिला खनन अधिकारी ने खेत में खड़े सात ट्रैक्टरों को सीज कर दिया तथा किसान के खिलाफ कार्यवाही का निर्देश दिया। इस संबंध में जिला खनन अधिकारी विकास सिंह ने बताया कि बिना किसी आदेश के कोई भी खनन करना अवैध है। तहसीलदार हिरालाल ने बताया कि किसान अपने खेत में मानक के अनुसार खनन कर सकता हैं, परन्तु इसका व्यवसाई करण नहीं किया जा सकता। तहसील प्रशासन द्वारा किसान पर कार्यवाही किए जाने से किसानों में भी भारी आक्रोश हैं। भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री मनोज सिंह ने तहसील प्रशासन की कार्यवाही को एकतरफ बताया और मानक के हिसाब से अपने खेत को समतल कराने वाले किसान पर की गई कार्यवाही को गलत बताया।