मुगलसराय(ब्यूरो)। राजकीय रेलवे पुलिस दिलदारपुर चौकी ने गुरुवार की देर शाम प्लेटफार्म संख्या 7-8 लोकेशन बाक्स के अंतिम छोर से ट्रेनों में उचक्कागिरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पकड़ा। पकड़े गए बदमाश के पास से नकदी और जेवरात मिले। युवक ने स्वीकार किया कि वह पटना से नई दिल्ली तक ट्रेनों में उचक्कागिरी करता रहा है। जीआरपी ने युवक का चालान किया है।
जीआरपी मुगलसराय प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि गुरुवार की देर शाम अधिकारियों के निर्देश पर चौकी इंचार्ज केदारनाथ मौर्य, एसआई प्रमोद कुमार राय, कांस्टेबल संतोष कुमार यादव, प्रह्लाद यादव आदि प्लेटफार्म पर चेकिंग कर रहे थे। प्लेटफॉर्म नंबर 7/8 लोकेशन बॉक्स के अंतिम छोर पर एक संदिग्ध युवक दिखने पर उसे पकड़ कर पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम नकीम निवासी बीबरीत थाना गोलपोखर जिला किशनगंज बिहार बताया। उसके पास से एक जोड़ी चांदी की पायल,एक सोने की अंगूठी और 2700 रुपये नकद बरामद हुए।