इलिया। क्षेत्र के बिशनपुरवां गांव निवासी अंबरीश नारायण द्विवेदी ने शहाबगंज थाने में तहरीर देकर छह लोगों पर घर में घुसकर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित ने तहरीर में बताया कि बुधवार को दोपहर करीब 1:30 बजे वह शेरवां गांव स्थित अपने रिश्तेदार विनय कुमार उपाध्याय के घर जा रहा था। आरोप लगाया कि रास्ते में शेरवां गांव और लेहरा खास गांव निवासी छह लोगों ने लाठी-डंडा और लोहे की रॉड लेकर उनका पीछा किया। जान बचाने के लिए वह भागकर अपने रिश्तेदार के घर पहुंचे, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए। इसके बाद आरोपियों ने घर में घुस कर उनके साथ मारपीट की। उन्होंने शहाबगंज थाने के सीयूजी नंबर पर फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और उसे सुरक्षित बिशनपुरवा पहुंचाया। थानाध्यक्ष कृपेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। संवाद