पीडीडीयू नगर। कामाख्या से भगत की कोठी जा रही भगत की कोठी एक्सप्रेस ट्रेन का एसी खराब होने से नाराज यात्रियों ने शनिवार की शाम रेलवे स्टेशन पर हंगामा किया। हंगामा की वजह से ट्रेन डेढ़ घंटे तक प्लेटफार्म संख्या छह पर रुकी रही। बाद में आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वाराणसी में एसी ठीक हो जाएगा। इसके बाद यात्री शांत हुए और ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई।
कामाख्या भगत की कोठी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से आधा घंटा पहले शनिवार की शाम साढ़े पांच बजे स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या छह पर पहुंची। ट्रेन के रुकते ही सेकेंड एसी ए-वन के यात्रियों ने कोच का एसी न चलने की शिकायत की। इसके बाद भी सुनवाई नहीं हुई और ट्रेन को आगे बढ़ा दिया। इससे यात्री नाराज हो गए और चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। इसके बाद प्लेटफार्म पर उतर कर हंगामा करने लगे। सूचना पाकर आरपीएफ और जीआरपी मौके पर पहुंची और यात्रियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन यात्री नहीं माने। यात्रियों ने कहा कि ट्रेन जब से खुली है तब से एसी नहीं चला है। भीषण गर्मी में कोच में बैठना मुश्किल हो गया है। विशेष कर महिलाओं ओर बच्चों की हालत खराब होने लगी है। पहले बख्तियारपुर और फिर पटना में शिकायत की गई लेकिन हर जगह सिर्फ आश्वासन दिया गया। बताया गया कि पीडीडीयू जंक्शन पर कोच बदला जाएगा। यहां भी कोच नहीं बदला जा रहा है। चेतावनी दी कि बिना एसी चले अथवा कोच बदले ट्रेन को आगे नहीं बढ़ने देंगे। हंगामा बढ़ता देख जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह, मनोज कुमार यादव, आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार, सीएसजी अजीत कुमार इलेक्ट्रिकल विभाग के अधिकारी पहुंचे। इन्होंने यात्रियों को समझा कर शांत कराया और आश्वासन दिया वाराणसी में एसी ठीक हो जाएगा। इसके बाद यात्री शांत हुए और लगभग सात बजे ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई।