नौगढ़। विकास खंड नौगढ़ की ग्राम पंचायत मलेवर में सामुदायिक शौचालय का निर्माण कार्य एक साल से अधूरा पड़ा हुआ है। यहां जिम्मेदारों ने खाते से पूरी रकम निकालने के बाद केवल ढांचा भर खड़ा किया है।
स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम के तहत स्वीकृत सामुदायिक शौचालय का निर्माण कार्य पूरा कराए बगैर पूर्व ग्राम प्रधान और तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव के संयुक्त हस्ताक्षर से रुपये निकाल लिए गए। शिकायत पर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) प्रेमचंद्र ने उस वक्त तैनात रहे पंचायत सचिव से जवाब तलब कर शौचालय का निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिया है।
2020-21 मे दो साल पहले मलेवर में सामुदायिक शौचालय बनाने के लिए शासन ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत 4.34 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया था। तब से शौचालय का ढांचा बना खड़ा है, अभी तक छत भी नहीं पड़ पाई है, सामुदायिक शौचालय में टैंक, सीट, पानी को पाइप फिटिंग, रंगाई- पुताई, बिजली वायरिंग व टॉयल का पूरा काम बाकी है। फिर भी कागजों में शौचालय पूर्ण होना दिखाकर ग्राम निधि के संयुक्त खाते से रुपये निकाल लिए गए। महिला ग्राम प्रधान सुषमा देवी की मानें तो अधूरा पड़ा सामुदायिक शौचालय पूर्व प्रधान के कार्यकाल का है। उसे कागजों में पूर्ण दिखाकर रुपए का भुगतान करा लिया गया है। अब खाते में थोड़ी बहुत रकम शेष बची है। इसलिए शौचालय के अधूरे काम कराना कठिन हो रहा है।
यह प्रकरण संज्ञान में है। गांव के लोगों की शिकायत मिलने पर स्थलीय निरीक्षण के बाद तत्कालीन पंचायत सचिव को पत्र जारी करके जवाब मांगा गया है। सामुदायिक शौचालय के शेष कार्य जल्द पूरा कराकर उसे उपयोग लायक बनाने के निर्देश दिए गए हैं।- प्रेमचंद्र, एडीओ (पंचायत) नौगढ़