पटना-भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में टीटीई के साथ छह जुलाई को जीआरपी के दरोगा के दुर्व्यवहार के विरोध में शुक्रवार को पीडीडीयू जंक्शन पर ईसीआरकेयू और इंडियन रेलवे टिकट चेकिंग स्टाफ एसोसिएशन के बैनरतले विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जांच कराकर दोषी को दंडित करने और ट्रेनों में चेकिंग स्टाफ को सुरक्षा देने की मांग गई।
वक्ताओं ने कहा कि छह जुलाई को भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के एसी कोच के रिजर्व सीट पर जीआरपी बख्तियारपुर का दरोगा बैठ गया। यात्री की शिकायत पर टीटीई ने दरोगा से सीट छोड़ कर हटने को कहा आरोप है कि दरोगा ने चार जवानों के सहयोग से बाढ़ स्टेशन पर टीटीई को मारपीट कर जख्मी कर दिया। जब टिकट चेकिंग स्टाफ एसोसिएशन ने प्रदर्शन शुरू किया तो आरोपित दरोगा निलंबित हो गया। हालांकि अभी तक उस पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। चेतावनी दी कि जब तक दरोगा के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
ईसीआरकेयू के केंद्रीय नेता डीपी यादव ने कहा कि टीटीई रेलवे का दूत होता है। यात्री से सबसे पहले सामना ट्रेनों में टीटीई से होता है। ऐसे व्यक्ति से दुर्व्यवहार बर्दाश्त के बाहर है। यूनियन के शाखा मंत्री श्रीराम सिंह ने कहा कि यूनियन के काम सिर्फ विकास करना ही नही है, मान सम्मान को भी देखना है। पीडीडीयू मंडल के डेहरी आन सोन, सासाराम, गया में भी चेकिंग स्टाफ एसोसिएशन ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में मनदीप कुमार, प्रवीन कुमार, जेपी सिंह ,राकेश राय, सलीम दुर्रानी मुज्जमिल हक, जफर अली , केडी यादव, उमा देवगन, चंदन, त्रिभूवन कुशवाहा, जेपी गुप्ता , विजय कुमार, शफीर अहमद, सुजीत प्रभु नारायण, राजहंस आदि रहे। अध्यक्षता शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने किया।