पीडीडीयू नगर। ठंडी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। बृहस्पतिवार को धूप खिली लेकिन गलन और बढ़ गई। दोपहर बाद खिली धूप लेकिन शाम चार बजे तक फिर गलन के साथ ठंडी का असर तेज हो गया। वहीं कोहरे की वजह से ट्रेनों की लेट लतीफी जारी है। बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान दो डिग्री नीचे लुढ़क गया।
बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम छह डिग्री रहा। दिन भर छह किमी की रफ्तार से हवाएं चलती रही। जबकि बुधवार को न्यूनतम तापमान आठ डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं पिछले वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री था। बृहस्पतिवार को दिन में 11 बजे तक घना कोहरा छाया रहा। इसके बाद धूप निकली शीत लहरी के कारण गलन बरकरार रही। इसका असर सड़क और रेल यातायात पर भी दिखा। पीडीडीयू-गया और पटना रेल रूट पर मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें 30 मिनट से लेकर साढ़े चार घंटे की देरी से चल रही हैं। इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है और लोगा का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।
पीडीडीयू नगर। कोहरे और गलन के चलते ट्रेनों की रफ्तार भी कम होने लगी है। बृहस्पतिवार को डाउन नई दिल्ली इस्लामपुर एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे, पुरूषोत्तम एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे तो बाड़मेर हावड़ा सुपरफास्ट डेढ़ घंटे की देरी से पीडीडीयू जंक्शन से रवाना हुई। वहीं कालका मेल एक घंटे, दून एक्सप्रेस, अर्चना एक्सप्रेस, नंदन कानन, नार्थईस्ट एक्सप्रेस और योगनगरी ऋषिकेश हावड़ा एक्सप्रेस डेढ़ घण्टे की देरी से चली। इसी तरह अप की ओर बाबा वैद्यनाथ एक्सप्रेस आधा घंटे, इंदौर पटना पौने दो घंटे की देरी से रवाना हुई। इससे ट्रेन में यात्रा करने वाले देरी से गंतव्य तक पहुंच रहे हेंऔर स्टेशनों पर इंतजार करने वाले यात्रियों को इस ठंडी में परेशानी उठानी पड़ रही है।