शहाबगंज क्षेत्र के भोड़सर गांव के उभरते क्रिकेटर अंकित यादव का इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग (आईएसपीएल) में चयन होने से परिवार और पूरे क्षेत्र में हर्ष व्याप्त है। वह अभी कक्षा 12 में अध्ययनरत हैं।
एक साधारण ग्रामीण परिवेश के इस प्रतिभाशाली युवक ने अपने संघर्ष और लगन के बल पर वह मुकाम हासिल किया है। बहुत छोटी उम्र में ही उसके पिता नरेंद्र यादव का देहांत हो गया था।
पिता की कमी ने परिवार के साथ-साथ अंकित की भावनाओं को भी झकझोर दिया, लेकिन इस दुख को उसने अपनी कमजोरी बनने नहीं दिया।इस कठिन समय में उसके दादा कतवारू यादव ने अंकित को हतोत्साहित होने नहीं दिया।
दादा ने न केवल उसे पढ़ाई के लिए प्रेरित किया, बल्कि क्रिकेट में उसकी रुचि को पहचानकर उसका मनोबल बढ़ाया। अंकित यादव को वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में प्रशिक्षण के लिए भेजा।
ट्रायल सत्र के दौरान अंकित की नियंत्रण के साथ गेंदबाजी से चयनकर्ता प्रभावित हुए। आईएसपीएल की मिनी नीलामी में अंकित यादव पर ‘टाइगर ऑफ कोलकाता’ फ्रेंचाइजी ने 6.5 लाख रुपये की बोली लगाई।
अंकित ने बताया कि यह उनके जीवन की एक नई शुरुआत है और वह अपने दादा, गांव, स्कूल और क्षेत्र के लोगों द्वारा दिखाए गए विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी मेहनत करेगा।
गांव के प्रधान प्रतिनिधि सत्येंद्र मौर्य, पूर्व प्रधान निरंजन मौर्या, सुरेश यादव, रत्नेश यादव, बूच्चन यादव ने अंकित के आईएसपीएल में चयन होने पर हर्ष व्यक्त किया है।