चंदौली के धानापुर पुलिस ने ऐसे ठग को पकड़ा जो महिलाओं को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करता था। पकड़े गए ठग के पास से 43 हजार नगदी सहित तमंचा और करीब ढाई लाख के गहने बरामद हुए हैं। बुधवार को सीओ कार्यालय में जालसाज को पेश किया गया, जहां से सीओ राजेश कुमार राय की पूछताछ के बाद ठग को जेल भेज दिया गया। पकड़ा गया आरोपी इससे पहले भी चार साल की सजा काटकर बाहर आया था।
सीओ ने बताया कि सूरज शमीम उर्फ सूरज यादव वाराणसी के मंडुवाडीह स्थित बीएलडब्ल्यू जलालीपट्टी का निवासी है। वह वर्तमान में बलुआ थाना क्षेत्र के निधौरा अपने ससुराल में रहता था। आरोप है कि महिलाओं के आभूषण देखकर उनका पैर छूकर आशीर्वाद लेते हुए झांसे में ले लेता था फिर नौकरी दिलाने के नाम पर सारे आभूषण लेकर फरार हो जाता था।
बीते तीन नवंबर को धानापुर के पूराचेता दूबेपुर की निवासी उमरावती देवी को सकलडीहा कचहरी में नौकरी दिलाने के नाम पर आभूषण लेकर फरार हो गया था। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी थी।