फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिले में कई जगह बने हैं जाम प्वाइंट, प्रशासन बेबस

विज्ञापन
विज्ञापन
पीडीडीयू नगर। जाम की समस्या यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने में सबसे बड़ी बाधा बन गई है। कुछ इलाके और कुछ चौराहे तो ऐसे हैं जहां प्रतिदिन जाम लगना आम बात है। वहीं जीटी रोड सहित कुछ कालोनियों में स्कूल की छुट्टी होने के बाद सड़कें जाम हो जाती हैं। शाम को तो जाम की समस्या विकराल रूप धारण कर लेती है। नगर में जीटीआर ब्रिज के पश्चिमी छोर, वीआईपी गेट, गल्ला मंडी तिराहा, धर्मशाला रोड और नई सट्टी के सामने हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। चंदौली-सकलडीहा रोड पर बनी रेलवे क्रासिंग और पड़ाव चौराहे पर अक्सर जाम लग जाता है। अक्सर जाम लगने से ये जाम प्वाइंट बन गया है लेकिन प्रशासन इसका कोई समाधान नहीं निकाल पा रहा है।
विज्ञापन

नगर में सबसे भयंकर जाम की समस्या जीटीआर ब्रिज के पश्चिमी छोर पर होती है। यहां काली महाल, कसाब महाल सहित कई रेल कालोनियों व गांवों की सड़क जीटी रोड से मिलती है। इस सड़क से भारी संख्या में वाहनों के आकर जीटी रोड द्वारा आगे जाने के कारण जाम की समस्या बन जाती है। यहां वाहनों को संभालने में ट्रैफिक विभाग के कर्मियों को काफी मेहनत करनी पड़ती है। इसके अलावा गल्ला मंडी, धर्मशाला रोड व नई सट्टी तिराहे पर भी अन्य सड़कों के जीटी रोड से जुड़े होने के कारण अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। वहीं चंदौली नगर में सकलडीहा रोड पर बनी रेलवे क्रासिंग जाम का कारण बनती है। रेलवे फाटक के बंद रहने से दोनों ओर अक्सर वाहनों की कतार लग जाती है। रेलवे गेट के खुलने के बाद यहां हमेशा भयंकर जाम की स्थिति बनी रहती है। वहीं पड़ाव चौराहे के समीप रामनगर रोड पर बनी संकरी पुलिया जाम की बड़ी वजह है। इस पुलिया में किसी वाहन के फंसने या खराब होने पर तगड़ा जाम लग जाता है। इससे वाराणसी व पीडीडीयू नगर आने-जाने वाले राहगीरों को काफी कष्ट उठाना पड़ता है। जाम में अक्सर एंबुलेंस भी घंटों फंसे रहते हैं जिससे मरीजों व उनके परिजनों को परेशानी होती है।
नगर में स्कूलों की छुट्टी होने के बाद स्कूली बसों व अन्य वाहनों के सड़कों पर आते ही जाम लग जाता है। न केवल जीटी रोड बल्कि रविनगर, कैलाशपुरी, पटेल नगर, न्यू महाल आदि कालोनियों की सड़कों पर भी घंटों जाम लगा रहता है। स्कूली वाहनों के जाम में फंसने के कारण बच्चों को घर पहुंचने में देर होती है जिससे उनके अभिभावकों में घबराहट बनी रहती है।
विज्ञापन

यातायात व्यवस्था सुधारे जाने की लगातार कवायद की जा रही है लेकिन कर्मचारियों व सड़कों की कमी के कारण इसपर पूरी तरह काबू नहीं हो पा रहा है। पूरे जिले की यातायात व्यवस्था संभालने के लिए स्टाफ की कमी होने से मुश्किल हो रही है। मिथिलेश तिवारी, यातायात प्रभारी।
लोगों की राय............
योजना बनाकर जाम का करें समाधान
पीडीडीयू नगर। जाम की समस्या से पुलिस प्रशासन निजात नहीं दिला पा रहा है। पटेल नगर निवासी तुषार का कहना है कि जिले के लोग वर्षों से जाम की समस्या झेल रहे हैं। जिला प्रशासन समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं कर सका है। शाहकुटी निवासी अकील अहमद ने बताया कि जिले के कई उच्चाधिकारी इन्हीं रास्तों से होकर प्रतिदिन मुख्यालय आते-जाते हैं। जाम में उनके वाहन भी फंसे रहते हैं। बावजूद इसके किसी की नजर नहीं पड़ती है। नई बस्ती निवासी रौशन शर्मा कहते हैं कि जाम के कारण वाराणसी व अन्य जिलों से ट्रेन पकड़ने के लिए आने वालों को काफी दिक्कत होती है। कूढ़े खुर्द निवासी चंदन यादव का कहना है कि चंदौली में सकलडीहा रोड पर बने रेलवे फाटक पर जाम की समस्या से लोगों को काफी परेशानी होती है। हालांकि कुछ दिन पूर्व से फाटक के ऊपर पुल बनाने का कार्य आरंभ कर दिया गया है। पुल के बन जाने से समस्या का समाधान हो जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें