चंदौली जिले के जमानिया-धानापुर मार्ग पर ओवरलोड वाहनों का संचालन कराए जाने में संलिप्त पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल ने बुधवार को महुंजी चौकी प्रभारी अवध बिहारी यादव को लाइन हाजिर कर दिया है। इसके अलावा एसपी ने चौकी पर तैनात 10 पुलिसकर्मियों का नौगढ़ थाना व चकरघट्टा चौकी पर स्थानांतरण किया है। जांच में कई पुलिसकर्मियों पर तलवार अभी लटकी हुई है। एसपी की इस कार्रवाई से जिले के पुलिस कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है।
बीते दिनों ग्रामीणों की शिकायत पर सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने डीएम नवनीत सिंह चहल व एसपी से सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र की सड़कों पर ओवरलोड वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सैयदराजा-जमानिया मार्ग व जमानिया-धानापुर मार्ग पर पुलिस, एआरटीओ व खनन विभाग ने अभियान चलाकर दर्जनों ओवरलोड वाहनों को सीज करते हुए जुर्माना लगाया था।
बावजूद इसके बालू के धंधे ने लिप्त दलाल ओवरलोड वाहनों के संचालन से बाज नहीं आ रहे थे। एक सप्ताह पूर्व विधायक सुशील सिंह की पहल पर एसपी हेमंत कुटियाल ने एसओजी टीम को जमानिया-धानापुर मार्ग पर ओवरलोड वाहनों की जांच कराने का निर्देश दिया था।
मौके से एसओजी की टीम ने सात ओवरलोड वाहनों को पकड़ा था। ओवरलोड वाहनों के आवागमन के खेल में महुंजी चौकी प्रभारी अवध बिहारी यादव व अन्य पुलिसकर्मियों की संलिप्तता पाई थी। इस पर एसपी ने चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर करते हुए 10 पुलिसकर्मियो को नौगढ़ थाना व चकरघट्टा चौकी पर भेज दिया है।
एसपी ने कहा कि ओवरलोड वाहनों के चलने से सड़के जहां काफी खराब हो रही हैं वही सरकारी राजस्व का नुकसान भी रहा है। अब किसी भी दशा में ओवरलोड वाहनों को नहीं चलने दिया जाएगा। संचालन में लिप्त अधिकारियों, पुलिसकर्मियों व दलालों को चिन्हित कर उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।