सैयदराजा। थाना क्षेत्र के नौबतपुर स्थित पुलिस बूथ के पास बुधवार की शाम चेकिंग के दौरान पुलिस ने 15 मवेशियों से भरा ट्रक पकड़ा। इस दौरान एक पशु तस्कर भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। तलाशी लेने पर तस्कर के पास से 315 बोर का कट्टा व कारतूस बरामद हुआ। वहीं ट्रक में ठूंस कर भरे गए पशुओं में एक की मौत हो गई थी। पुलिस ने पशुओं को मुक्त करने के साथ गिरफ्तार तस्कर को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह के निर्देश पर उपनिरीक्षक शिवाननंद वर्मा अन्य पुलिसकर्मियों के साथ एनएच-02 पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उसी समय पुलिस को सूचना मिली कि एक ट्रक पर मवेशियो को लादकर वध के लिए पशु तस्कर बिहार की ओर जाने वाले हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद पुलिसकर्मियों को तेज गति से आता एक ट्रक दिखा। पुलिस टीम को चेकिंग करता देख चालक ने ट्रक को कुछ दूर पहले रोक दिया। इसके बाद ट्रक से तस्कर उतरकर भागने लगे जिसपर पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर भाग रहे एक तस्कर को पकड़ लिया। पुलिस ने तस्कर की तलाशी ली तो उनके पास 315 बोर का कट्टा व 315 बोर का कारतूस बरामद हुआ। वहीं ट्रक के अंदर क्रूरतापूर्ण ढंग से 15 मवेशियो को बांधकर बैठाया गया था जिनमें एक की मौत हो चुकी थी। पुलिस तस्कर सहित ट्रक को थाने लाकर सभी मवेशीयो को मुक्त कराया और गिरफ्तार आरोपी कौशांबी निवासी गुड्डू अहमद पशु क्रूरता व आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि फरार तस्करों की तलाश के लिए पुलिस टीम बना दी गई है।