शहाबगंज। नवागत एसडीएम विनय कुमार मिश्रा ने बृहस्पतिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व ब्लॉक कार्यालय का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुबह 10 बजे पहुंचे। जहां मात्र एक डाॅक्टर निलेश मालवीय उपस्थित मिले। प्रभारी चिकित्साधिकारी सहित अन्य डाॅक्टर कुछ देर बाद पहुंच। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही लापरवाही बरतने वाले डाॅक्टरों को आदत सुधारने में सुधार लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने देर से पहुंचे डॉक्टरों के संबंध में कहा कि ओपीडी का समय सुबह 8 बजे से है, लेकिन डॉक्टर अपनी जिम्मेदारी के प्रति जागरूक नहीं हैं। उन्होंने आगाह किया कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर, दवा स्टाॅक व वितरण रजिस्टर, ओपीडी रजिस्टर का अवलोकन किया। बाहर खुले में पड़ी दवा देख उन्होंने नाराजगी जताई। साथ ही तत्काल उसे उचित स्थान पर रखने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने लेबर रूम का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी ली। परिसर में गंदगी दिखने पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की बात कही। इसके बाद एसडीएम ने ब्लॉक कार्यालय का निरीक्षण किया। बीडीओ दिनेश सिंह को ब्लाॅक परिसर के साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में भी सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में कुछ कमियां हैं, जिनको दूर कराने का प्रयास किया जाएगा।