आरपीएफ वेस्ट पोस्ट के जवानों ने स्थानीय रेलवे स्टेशन स्थित फुट ओवर ब्रिज
पर गश्त के दौरान मंगलवार की दोपहर में लाखों रुपये के गहने और नकदी के
साथ एक युवक को गिरफ्तार किया।
आरपीएफ को शक है कि युवक के पास से
बरामद नकदी और जेवरात चोरी के हैं। आरपीएफ ने आवश्यक कार्रवाई के बाद युवक
को जीआरपी के हवाले कर दिया। जहां चालान कर दिया गया।
स्थानीय रेलवे
स्टेशन पर आरपीएफ वेस्ट पोस्ट प्रभारी वेंकटेश कुमार मय हमराही मंगलवार को
दोपहर में लगभग बारह बजे गश्त के लिए निकले। प्रभारी जैसे ही फुटओवर ब्रिज
पर पहुंचे, तो संदिग्ध अवस्था में एक युवक तीन बच्चों संग बैठा दिखा। शक
होने पर उसके सामान की तलाशी ली गयी, तो उसके बैग से काफी मात्रा में
सोने व चांदी के जेवरात समेत नगदी बरामद हुई।
आरपीएफ उसे वेस्ट पोस्ट थाने
ले आई । यहां उसने अपनी पहचान धीरेन्द्र खरवार निवासी बिहार के सासाराम
जिले के अकोढ़ी गोला का बताया।
इस संबंध में सहायक आयुक्त आरपीएफ मुग़लसराय
राजाराम ने बताया कि पकड़े गए युवक के पास से 50 ग्राम सोने, 1460 ग्राम
चांदी के जेवरात तथा 17 हजार 527 रुपए नकद बरामद हुए हैं। जीआरपी कोतवाली
प्रभारी नंद जी यादव ने बताया कि युवक युवक से पूछताछ कर चालान कर दिया
गया।