बबुरी। स्थानीय अशोक इंटर कालेज में रविवार को एनसीसी 97 यूपी बटालियन के कमांडिंग अफसर कर्नल एसके पांडेय के निर्देशन में एनसीसी दिवस मनाया गया। इस दौरान छात्र सैनिकों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। साथ ही कॉलेज के प्रांगण में पौधे लगाए। समारोह का उद्घाटन ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बसंतलाल गुप्ता ने फीता काटकर किया।
रैली में एनसीसी के 140 कैडेट्स ने हिस्सा लिया। रैली को विद्यालय के प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष रविंद्र प्रताप सिंह व प्रधानाचार्य राणा प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली विद्यालय से निकल कर हटिया पोखरे से होते हुए हनुमान मंदिर परिसर में पहुंच कर समाप्त हुई। रैली में चल रहे कैडेट्स विभिन्न सामाजिक सरोकारों स्वास्थ्य, स्वच्छता व पौधरोपण से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। रैली की समाप्ति पर कैडेट्स ने कॉलेज परिसर में पौधे लगाए। रैली का संचालन कर रहे कैप्टन प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि एनसीसी दिवस प्रत्येक वर्ष नवंबर माह के अंतिम रविवार को मनाया जाता है।