पीडीडीयू नगर। नगर क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ एसडीएम व ईओ पीडीडीयू नगर ने मंगलवार को संयुक्त रूप से अभियान चलाते हुए नई सट्टी से जीटीआर ब्रिज तक कार्रवाई की। सड़क किनारे दुुकानदारों द्वारा अवैध रूप से बनाये गये निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने को लेकर शासन के सख्त निर्देश के बाद अधिकारियों ने भी कड़ा रूख अपनाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार की शाम एसडीएम मनोज पाठक और ईओ नगर पालिक कृष्ण चंद्र टीम के साथ नगर में अतिक्रमण हटाने के लिए सड़क पर निकले। इस दौरान उन्होंने नई सट्टी में पटरी पर लगी दुकानों को हटवा दिया। इसके बाद टीम ने दुकानों के आगे अतिक्रमण कर बनाये गये टाईल्सयुक्त फर्श को जेसीबी की मदद से तोड़वा दिया। प्रशासन के कड़े रूख को देखते हुए कई दुकानदारों ने दुकान के बाहर बने टीनशेड को अपने हाथों से उतारना शुरू कर दिया। प्रशासन की ओर से कुछ एक दुकानदारों को जुर्माना कर अतिक्रमण को हटाने के लिए कुछ वक्त दे दिया। इसके दौरान जीटीआर ब्रिज के समीप दुकानों के बाहर निकले टिनशेड को जेसीबी की मदद से तोड़ दिया। वहीं रोडवेज बस स्टैंड के समीप लगी गुमटियों को भी जेसीबी से ध्वस्त करा दिया गया। इस दौरान कर निर्धारण अधिकारी अतुल कुमार, जेई मुरलीधर, कोतवाल बृजेेेशचंद्र तिवारी, कूड़ा बाजार पुलिस चौकी प्रभारी रमेश यादव, रेलवे पुलिस चौकी प्रभारी दिनेश पटेल, चंदासी पुलिस चौकी प्रभारी राजकुमार पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।