पीडीडीयू नगर। जनपद में इस वर्ष मई माह के मध्य में गर्मी ने पिछले 122 वर्षों का रिकार्ड तोड़ दिया है। रविवार को चार डिग्री की उछाल के साथ सीजन में पहली बार पारा 46.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे जिले व आसपास का क्षेत्र लू की चपेट में आ गया है। हालांकि मौसम विभाग ने 17 मई से गर्मी व लू में कमी आने की संभावना व्यक्त की है।
मई माह के आरंभ में बंगाल की खाड़ी से आ रही आर्द्र पुरवा हवाओं के प्रभाव से मौसम कुछ सामान्य बना रहा। आसमान में बादलों की आवाजाही के साथ कहीं-कहीं हुई बूंदा बांदी के कारण तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आस पास या उससे नीचे बना रहा। इससे 12 मई तक मौसम खुशगवार बना हुआ था पर इसके बाद गर्मी ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया। आलम यह है कि तापमान 13 मई से 45 डिग्री के ऊपर बना हुआ है और रविवार को यह 46 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। गर्मी के कारण दिन में लोगों का घर से निकलना दुरूह बन गया है। सड़कों पर सुबह से देर शाम तक सन्नाटा छाया रह रहा है। घरों में भी पंखे व कूलर बेअसर साबित हो रहे हैं। गर्म हवाओं का प्रकोप लोग ड्राइंगरूम व बेडरूम में भी महसूस कर रहे हैं। कुछ दिनों से शाम को पुरवा हवा चलने से कुछ राहत अवश्य मिल रही है लेकिन हवा के बंद होने के बाद रात में गर्मी का प्रकोप फिर बढ़ जा रहा है। बिजली कटौती भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। जिन घरों में इन्वर्टर या जनरेटर नहीं है, उन घर के लोगों के लिए रात काटना भारी पड़ रहा है।
बंगाल की खाडी़ से आ रही तेज सतही आर्द्र पुरवा हवा के प्रभाव में कमी आने व गर्म और शुष्क मरूस्थलीय पश्चिमी क्षेत्र से आ रही पछुवा हवाओं का प्रभाव बढ़ने से अधिकतम तापमान में छह से सात डिग्री सेल्सियस की अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। इसी क्रम में रविवार को पारा 46.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जिससे जनपद में लू की स्थिति उत्पन्न हो गई है। आगामी 17 मई से वायु संचालन बढ़ने से तापमान में थोड़ी कमी आने लू की स्थिति समाप्त हो जाने की संभावना है। अतुल कुमार सिंह, प्रभारी, राज्य कृषि मौसम केंद्र।