फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandauli News: दुल्हनों को चांदी की जगह दी स्टील की पायल, भूखे लौटे बराती और घराती

विज्ञापन
विज्ञापन
स्थानीय विकास खंड में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। सोमवार को 27 जोड़ों की शादी कराई गई। शादी खत्म होने के बाद खाना ही खत्म हो गया। इसको लेकर लोगों में नाराजगी दिखी। बराती भूखे ही घर लौट गए। दुल्हनों को चांदी के पायल व बिछिया न देकर स्टील और गिलट का पायल दिया गया। कई जोड़ों को सामान कम दिए जाने पर विवाह संपन्न होने के बाद परिजनों ने हंगामा भी किया।
विज्ञापन

विकास खंड परिसर में सोमवार को हिंदू जोड़ों की मंत्रोच्चार के साथ कन्यादान, सिंदूरदान सहित सभी वैवाहिक कार्यक्रम कराए गए। मुख्य अतिथि एसडीएम आलोक कुमार ने नवविवाहितों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि गरीब पिता को अपनी बेटी के शादी की चिंता नहीं करनी है। सरकार जन्म से लेकर उसकी शिक्षा और हाथ पीले करने के लिए संकल्पित है। पैंतीस हजार रुपए बेटी के खाते में आएंगे। वहां कई जोड़ों को सामान कम और पायल स्टील का मिला तो उन्होंने हंगामा कर दिया। इसके बाद गांव के प्रधानों ने उन्हें समझा- बुझाकर शांत कराया और सामान दिलाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत सिंह उर्फ सुड्डू, खंड विकास अधिकारी अमित कुमार, एडीओ आईएसबी अनिल कुमार, एडीओ समाज कल्याण अनुराग शुक्ला, थाना प्रभारी विमलेश कुमार मौर्य सहित विभिन्न गांवू के प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।
दुल्हा दुल्हन के साथ भूखे लौट बराती और घराती
नौगढ़। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के कार्यक्रम में अव्यवस्था का ये आलम रहा कि वर-वधू तक को खाना नहीं मिला। उनको भी भूखे-प्यासे घर लौटना पड़ा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के कार्यक्रम में लाखों रुपए खर्च किए जाते हैं। इसमें योजना का लाभ उठाने वाले वर-वधू को सरकार से आर्थिक मदद के साथ पार्टी का भी आयोजन होता है, जिसमें सभी को भोजन कराया जाता है। लेकिन, अधिकारी सरकार की इस योजना को पलीता लगाने में लगे हैं। फाइल में भले ही सभी इंतजाम चुस्त-दुरुस्त और सटीक दिखाए गए हों लेकिन, मौके पर हवा हवाई। विवाह में पहुंचे कुछ लोगों को तो खाना भी नहीं मिल सका और उन्हें बिना खाना खाए खाली पेट ही घर लौटना पड़ा। कुछ वर-वधू तो ऐसे भी थे जिन्हें खुद भी खाना नहीं मिल सका। वो इधर उधर खाने की प्लेट लेकर भटकते रहे। बराती और घराती में कुछ को खाना नसीब हो गया तो कुछ को भूखे पेट ही वहां से जाना पड़ा। हालांकि इस मामले में अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
विज्ञापन

शादी के लिए आए जोड़े को मंडप से भगाया, फूट फूट कर रोने लगी मां बेटी
नौगढ़। ब्लॉक परिसर में तेंदुआ गांव से शादी के लिए आई निशा और उसकी विधवा मां को मंडप से भगाए जाने पर दोनों मां- बेटी गेट पर फूट-फूट कर रोने लगी। अधिकारी उसकी कोई बात सुनने को तैयार नहीं थे। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के तेंदुआ गांव की निशा पुत्री स्वर्गीय बाबूलाल का विवाह नई बाजार सोनभद्र निवासी राजेश कुमार के तय हुआ था। निशा की माता कमली ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन 11 नवंबर को ही कर दिया था। उसे फोन करके बुलाया गया था। लेकिन सोमवार को दुल्हन और उसकी मां के साथ दूल्हे को मंडप से भगा दिया गया। बाहर आकर दोनों मां- बेटी फूट-फूट कर रोने लगीं। अब प्रश्न यह उठता है कि महिला ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में पंजीकरण कराया था तो उसे बुलाने के बाद मंडप से क्यों भगाया गया। इस संबंध में एडीओ समाज कल्याण अनुराग शुक्ला ने बताया कि निशा का मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लिए पंजीकरण कराया गया था। इसकी हार्ड कॉपी हमें प्राप्त नहीं हुई थी, इसलिए सामूहिक विवाह योजना में शामिल नहीं किया जा सका है। चकिया ब्लाॅक में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में उसकी शादी कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में दिया जाता है 19 तरह के सामान
योजना के तहत प्रत्येक नवदंपति को दस हजार रुपए के उपहार में कुल 19 तरह का सामान देना होता है। इसकी गुणवत्ता भी तय है। चांदी के पायल का वजन 30 ग्राम और बिछिया 10 ग्राम का होना चाहिए। इसमें चांदी की शुद्धता 70 टंच रखने का निर्देश है।
लाभार्थियों को दिए जाने हैं ये सामान
सामूहिक विवाह के लाभार्थियों में दो साड़ी, दो ब्लाउज, दो पेटिकोट, एक चुनरी, पैंट शर्ट का एक-एक कपड़ा, एक पगड़ी 2 मीटर का, एक बड़ा गमछा, स्टील का डिनर सेट वजन 8 किलो, प्रेशर कुकर, ट्रॉली बैग, वैनिटी किट, दीवाल घड़ी, दो गद्दा, दो तकिया, दो बेडशीट, टेबल फैन दिया जाना है। मगर लाभार्थियों को कई सामान नहीं दिए गए। विवाह के दौरान दुल्हन रुचि कोल निवासी जमसोती ने स्टील का पायल मिलने की शिकायत प्रधान से की। देवखत गांव के चंद्र मोहन, ठठवां गांव के अरविंद और अमृतपुर के जयराम ने आरोप लगाया है कि दुल्हन को पायल और बिछिया स्टील का दिया गया है।
विज्ञापन

सामूहिक विवाह में अनियमितता की शिकायत नहीं मिली है। यदि शिकायत मिलती है तो इसकी जांच कराई जाएगी। अमित कुमार,खंड विकास अधिकारी, नौगढ़, चंदौली
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें