चकिया। सेवा संकल्प बाइक यात्रा में शामिल होकर घर लौट रहे भाजपा किसान मोर्चा के शहाबगंज मंडल अध्यक्ष घोड़सारी गांव निवासी इंद्रमणि दुबे (40) की सड़क हादसे में बृहस्पतिवार को मौत हो गई।
उनके साथ बाइक पर सवार भाजपा जिला मंत्री बटौवा गांव निवासी प्रतीक पांडेय (32) घायल हो गए। बुधवार को चंदौली में विकास भवन के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों हादसे का शिकार हुए थे।
बताया गया कि बुधवार को दोनों सेवा संकल्प बाइक यात्रा में शामिल गए थे। इसके बाद शाम को दोनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। विकास भवन के पास पहुंचते ही किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे हादसे में दोनों घायल हो गए।
आसपास के लोगों की मदद से उन्हें कमलापति त्रिपाठी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद प्रतीक पांडेय को घर भेज दिया गया। वहीं, बाइक चला रहे इंद्रमणि दुबे की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
उधर, हादसे की जानकारी मिलते ही विधायक कैलाश आचार्य, जिला प्रभारी मीना चौबे, जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, जिला उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा और किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा समेत कई कार्यकर्ता वाराणसी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने इंद्रमणि के उपचार की जानकारी ली।
बृहस्पतिवार की शाम इलाज के दौरान इंद्रमणि दुबे की मौत हो गई। चंदौली थानाध्यक्ष विंधेश्वरी पांडेय ने बताया कि सड़क हादसे में घायल भाजपा नेता की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
शहाबगंज भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष इंद्रमणि दुबे। फ़ाइल फोटो