एयर शो के लिए डोमरी में टेंट तैयार करते कर्मचारी। संवाद
पीडीडीयू नगर। वाराणसी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्तूबर को प्रस्तावित एयर शो के लिए गंगा किनारे तैयारियां तेज हो गई हैं।
डोमरी में गंगा तट को समतल करने के लिए 100 मजदूर और एक दर्जन से ज्यादा मशीनें लगाई गई हैं। राजघाट पुल से कटेसर तक गंगा किनारे करीब 200 मीटर चौड़ी पट्टी समतल की गई है, ताकि बड़ी संख्या में दर्शक खड़े होकर एयर शो का नजारा देख सकें।
बृहस्पतिवार को गंगा किनारे प्रकाश व्यवस्था के लिए अस्थायी बिजली के खंभे भी लगाए गए। एयर शो के दौरान घाट और आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था के लिए बिजली के तार बिछाने का काम भी किया जा रहा है। इसके अलावा डोमरी गंगा घाट पर छोटे-छोटे टेंट तैयार किए जा रहे हैं।
रिहर्सल के दौरान तीन से चार दिनों तक यहां रुकने वाले लोगों के लिए टेंट का उपयोग किया जाएगा।
भीड़ नियत्रण के लिए बैरिकेडिंग: गंगा किनारे सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। बांस-बल्ली से बैरिकेडिंग करने के बाद उसके ऊपर लोहे की जाली लगाई गई है।
इससे लोगों को गंगा की ओर जाने से रोकने के साथ ही भीड़ को निर्धारित क्षेत्र में नियंत्रित किया जा सकेगा। आयोजन स्थल पर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अन्य तैयारियां भी जारी हैं। एयर शो देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है।