फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandauli News: भाजपा जिला उपाध्यक्ष के भाई की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
चकिया। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष व पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. प्रदीप मौर्य के भाई संतोष मौर्य (40) की शनिवार को नशे में धुत देवेंद्र कुमार जायसवाल ने दिनदहाड़े दो नाली बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी असलहा नाली में फेंककर भागने लगा। इस पर ग्रामीणों ने आरोपी को तिलौरी गांव के समीप घेर कर पकड़ लिया। पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
विज्ञापन

असलहा बरामद करने के बाद पुलिस आरोपी को कोतवाली ले गई। जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के बाद उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल आरोपी को वाराणसी के ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया गया। चकिया कोतवाली क्षेत्र के तिलौरी गांव के मूल निवासी राधेश्याम मौर्य के चार बेटों डॉ. प्रदीप मौर्य, दिलीप मौर्य, संतोष मौर्य और संजय मौर्य का संयुक्त परिवार है। दिलीप मौर्य की सरकारी गल्ले की दुकान है। संजय मौर्य तिलोरी गांव के पूर्व प्रधान रह चुके हैं, जबकि संतोष मौर्य नगर पंचायत के वार्ड सात सिविल लाइन पश्चिम स्थित सहदुल्लापुर स्थित मकान में किराने की दुकान चलाते हैं। इसी मकान में डाॅ. प्रदीप माैर्य का जनसंपर्क कार्यालय है।
शनिवार की सुबह डॉ. प्रदीप मौर्य उर्फ बंगाली अपने कार्यालय पर बैठे थे। वहां छोटे भाई संजय मौर्य के अलावा भाजपा के पूर्व मंडल महामंत्री व प्रतिष्ठित व्यापारी कैलाश जायसवाल, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के पदाधिकारी राजकुमार जायसवाल व अन्य लोग भी थे। संतोष अपनी दुकान पर थे। इसी बीच नशे में धुत वार्ड सात के तिलाैरी का देवेंद्र कुमार जायसवाल उर्फ ओमप्रकाश वहां पहुंचा और अनाप-शनाप बोलने लगा। इस पर लोगों ने उसको जाने के लिए कह दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद देवेंद्र कुमार दो नाली बंदूक लेकर पहुंचा और बहस करने लगा। इस पर संतोष मौर्य उसको समझने के लिए आगे बढ़े, तभी देवेंद्र कुमार ने बंदूक से उनके सीने में गोली मार दी और भागने लगा। इसके बाद घायल संतोष को जिला संयुक्त चिकित्सालय लाया गया। यहां इमरजेंसी में डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर भाजपा विधायक कैलाश आचार्य, पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, एसडीएम विनय कुमार मिश्रा, एएसपी दिगंबर कुशवाहा, सीओ नामेंद्र कुमार, कोतवाल अतुल प्रजापति सहित कई और पुलिस अधिकारी पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एएसपी दिगंबर कुशवाहा का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में इस्तेमाल असलहा भी बरामद हो गया है। असलहे की जांच की जा रही है कि वह लाइसेंसी है या नहीं। वहीं, आरोपी को चोटें आई हैं। उसका ट्राॅमा सेंटर में उपचार चल रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें