चंदौली। जिला मुख्यालय स्थित चंदौली-सकलडीहा ओवरब्रिज के पास बृहस्पतिवार की देर रात अनियंत्रित बाइक ठेले से टकरा गई। जिससे काम से घर लौट रहे लाइनमैन प्रदीप कुमार मौर्य की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहाबगंज थाना क्षेत्र के एकौना निवासी प्रदीप कुमार मौर्य (29 वर्ष) बिजली विभाग में संविदा लाइनमैन था। बृहस्पतिवार की रात काम खत्म होने के बाद वह सकलडीहा रोड स्थित लोकमान्य तिलक नगर अपने किराए के आवास पर जा रहा था। ओवरब्रिज के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर ठेले से टकरा गई। जिससे प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे पुलिस लाइन के समीप निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन ने इसकी जानकारी पुलिस के साथ ही परिजनों को दी। प्रदीप के भाई समेत काफी संख्या में लोग रात्रि में ही मौके पर पहुंच गए। घटना को संदिग्ध मानते हुए शव को लेकर काफी उहापोह की स्थिति रही। पुलिस के समझाने पर परिजन मान गए और जिसके बाद शुक्रवार की सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सीओ सदर राजेश राय ने बताया कि बिजली विभाग में तैनात संविदा कर्मी की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इनसेट
शादी के छह महीने में ही उजड़ गया सुहाग
चंदौली। सड़क हादसे में मृत प्रदीप की शादी छह महीने पहले ही अताय गांव निवासी पारसनाथ की पुत्री विनीता से हुई थी। छह महीने में उसका सुहाग उजड़ गया। पति के मौत की सूचना पर वह बेसुध हो गई। वहीं माता धीरजा देवी पर दुखों का पहाड़ टूट गया। धीरजा देवी के पति की भी मौत 2020 में हो गई थी। पहले पुत्र की भी मौत कुछ वर्षों पहले ब्रेन हेमरेज के कारण हो गई थी। वहीं प्रदीप कुमार और मिथिलेश माता की देखभाल करते थे।