पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ललित चंद्र त्रिवेदी ने कहा कि नए वित्तीय वर्ष अप्रैल से ट्रेनों का संचालन सामान्य हो जाएगा। कोरोना के पूर्व जो ट्रेनें चल रहीं थीं, उससे अधिक ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। जीएम ललितचंद्र त्रिवेदी गुरुवार को डीडीयू मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय सभागार में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रेलवे यात्री सुविधाओं के लिए लगातार कार्य हो रहा है। वर्ष 2024 तक धनबाद से पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तक यात्री ट्रेनें 160 किमी की रफ्तार से दौडे़ंगी।
मंडल में हो रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करने आए जीएम एलसी त्रिवेदी ने कहा कि नए वित्तीय वर्ष में काम करने के लिए फंड मिला है। डीडीयू मंडल के गया में मेमू शेड का निर्माण हो रहा है। इलेक्ट्रानिक इंटरलाकिंग का काम तेज गति से जारी है। पीडीडीयू जंक्शन में रेलवे यार्ड का इलेक्ट्रानिक इंटरलाकिंग हो चुका है।
यह विश्व का इकलौता इतना बड़ा इलेक्ट्रानिक इंटरलाकिंग यार्ड है। कहा कि डेडिकेटेड फ्रेट कारिडोर का काम भी तेज गति से चल रहा है। मार्च से गंजख्वाजा से चिरैला पौथू तक नए रेल लाइन पर मालगाड़ी दौड़ने लगेगी। कहा कि धनबाद से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तक तीनों लाइन पर वर्तमान में 130 किमी की रफ्तार से ट्रेनें चल रहीं हैं।
इसे 160 किमी तक बढ़ाने पर काम हो रहा है। सुरक्षा के सवाल पर कहा कि डीएफसीसी लाइन के किनारे दीवारें बनेंगी जिससे रेलवे लाइन पूरी तरह सुरक्षित होगी। जल्द ही स्टेशन पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाने की तैयारी है। इस मौके पर डीआरएम राजेश कुमार, डीएफसीसी के महाप्रबंधक अजीत कुमार मिश्र सहित सभी अधिकारी रहे।